Friday, 26 June 2020

हरियाणा के रोहतक में लगातार दूसरे दिन लगे भूकंप के झटके

हरियाणा समेत एनसीआर में फिर भूकंप के ...
उत्तर भारत में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। 14 जून के बाद से छह दिनों में 16वीं बार भारत के विभिन्न हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। दिल्ली-एनसीआर के बाद अब हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 2.3 मापी गई है। हरियाणा के रोहतक में लगातार दूसरे दिन धरती हिली है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार हरियाणा के रोहतक में आज तड़के 5.37 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि भूकंप के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.3 आंकी गई। एनसीएस के अनुसार भूकंप का केंद्र रोहतक से 15 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण में था। बता दें कि रोहतक में कल भी भूकंप का झटका महसूस किया गया था। लेकिन इसकी तीव्रता कम थी
बता दें कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से कई बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इंडियन सिस्मोलॉजी डिपार्टमेंट के अनुसार गुरुवार सुबह हरियाणा और अंडमान निकोबार ​में भूकंप के झटके महसूस किए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार चार बजकर 18 मिनट पर हरियाणा के रोहतक में भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 2.1 आंकी गई। भूकंप का केंद्र हरियाणा के रोहतक जिले से 15 किमी. दक्षिण पूर्व में था।
वहीं देश में बीते कुछ महीनों में कई जगह भूकंप आ चुके हैं। पिछले कुछ समय से जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, गुजरात, झारखंड, ओडिशा में कम तीव्रता के भूकंप आ चुके हैं। पिछले एक सप्ताह में देश में कम तीव्रता के 25 भूकंप आ चुके हैं।