
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण की रफ्तार खतरनाक तरीके से तेज हो गई है। शुक्रवार सुबह तक दिल्ली में कोरोना मामले बढ़कर 73,780 हो गए हैं। बीते चौबीस घंटे में राजधानी में नए करोना मरीजों की संख्या 3,390 बढ़ी है और 64 मौतों के साथ कोरोना से कुल मरने वालों की संख्या 2,429 हो गई है। दिल्ली में नए मामलों के साथ एक्टिव केस भी बढ़कर 26,586 हो गए हैं।
इस बीच टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी एक रिपोर्ट में सामने आया है कि दिल्ली के कोरोना के मामले दुनिया भर के 167 देशों से भी ज़्यादा हैं। जोहन्स होपकिंस यूनिवर्सिटी के जुटाए गए एक डाटा के मुताबिक दिल्ली में 167 देशों से ज्यादा कोरोना के मामले पाए गए हैं। इसमें अब तक रिकॉर्ड की गयीं मौतें भी 167 देशों से ज्यादा है। आपको बता दें कि दिल्ली के साथ तुलना किये जा रहे इन देशों में छोटे देश नहीं हैं, बल्कि इस आंकड़ें में इंडोनेशिया, जापान और मिस्त्र जैसे देश भी शामिल हैं।
दिल्ली में कोरोना की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार ने भी मोर्चा संभाल लिया है। कोरोना वायरस के दिल्ली में बढ़ते मामलों को देखते हुए शुक्रवार से दिल्ली के छतरपुर में 10,000 बेड के नए कोविड-केयर सेंटर ने काम करना शुरू कर दिया।
एशिया में सबसे बड़े कोविड सेंटर के रूप में विकसित किए गए अस्पताल के संचालन का जिम्मा इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस यानी आईटीबीपी को दिया गया है। छतरपुर के राधास्वामी सत्संग व्यास केंद्र में बने इस सेंटर का नोडल एजेंसी के तौर पर ITBP ने आज कार्यभार संभाला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर तैयार किए गए इस केयर सेंटर पर मरीजों की देखरेख की सारी तैयारियां कर ली गई हैं।