Saturday, 27 June 2020

Weather Alert: यूपी-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी, इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी

बारिश-बाढ़ से बिहार में हाहाकार ...
मानसून 27 जून की सामान्य तारीख से दो दिन पहले ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा। बिहार और उत्तर प्रदेश में मानसून का तल्ख तेवर देखने को मिला। दोनों राज्यों में बिजली गिरने से कुल 120 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए। बिहार में सबसे ज्यादा 92 लोगों की बिजली गिरने से मौत हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में 28 लोगों की जान चली गई। अगले कुछ दिनों तक यूपी बिहर में बारिश से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती है। इसके साथ ही मॉनसून राजस्थान के कुछ और हिस्सों, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के शेष हिस्सों, पूरी दिल्ली, हरियाणा के कुछ हिस्सों और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ेगा।
यूपी में बिजली गिरने से 28 लोगों की मौत
यूपी में मानसून आने के साथ ही मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। प्रदेश में बिजली गिरने की वजह से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग झुलस गए हैं। देवरिया में 9, प्रयागराज में 5, अंबेडकरनगर और सिद्धार्थनगर में तीन-तीन, बाराबंकी दो, संतकबीरनगर, रायबरेली, कुशीनगर, फतेहपुर बलरामपुर और उन्नाव में बिजली गिरने से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों के परिवार को चार-चार लाख रुपये की राहत राशि तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।