Saturday, 27 June 2020

UP: सात फेरों के कुछ ही मिनटों पहले बिगड़ी दुल्हन की तबियत, कोरोना काल में इलाज के अभाव में तोड़ा दम


 कोरोना संकट काल में अन्य बीमारियों से पीड़ित किस तरह से इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं, इसकी एक बानगी यूपी के कन्नौज जिले में देखने को मिली. यहां विवाह वाले दिन दुल्हन बीमार पड़ी, तो कन्नौज से लेकर कानपुर तक उसको इलाज नहीं मिला. इलाज न मिलने के कारण दुल्हन ने दम तोड़ दिया. शादी वाले घर मे पलभर में खुशियां मातम में तब्दील हो गईं. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, तो पुलिस ने दुल्हन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के आलाधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कर रहे हैं.
भगतपुरवा गांव का है मामला
ये पूरा मामला कन्नौज के ठठिया थाना इलाके के भगतपुरवा गांव का है. यहां मृतक दुल्हन विनीता का विवाह कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद निवासी संजय के साथ होना था. विवाह वाले घर में चारों तरफ खुशियां थी, लेकिन शुक्रवार देर शाम दूल्हा संजय बारात लेकर भगतपुरवा गांव पहुंचा ही था. शादी की रस्मे निभाई जा रही थीं, तभी दुल्हन विनीता की अचानक तबियत खराब हो गई.
कोरोना के डर से नहीं मिला इलाज
परिवार वाले बीमार विनीता को प्राइवेट अस्पताल लेकर गए. वहां डॉक्टरों ने कोरोना के डर से इलाज करने से मना कर दिया. फिर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसको देखकर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया. कानपुर में भी कोरोना का खौफ देखने को मिला. यहां भी डॉक्टरों ने इलाज से इनकार कर दिया. इलाज न मिलने के अभाव में विनीता ने दम तोड़ दिया. विनीता की मौत की खबर घर आते ही परिवार में कोहराम मच गया. दूल्हे संजय को बिन दुल्हन बारात वापस ले जानी पड़ी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से आधार पर होगी कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक की मानें, तो मामले की सूचना डायल 112 को दी गई थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.