
पुलवामा जिले के अवंतीपोरा के त्राल क्षेत्र के चेवा उल्लार में सुरक्षाबल ने तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। तीनों आतंकवादियों के शवों और उसके हथियारों को अपने कब्जे में लेने के बाद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन समाप्त कर इलाके को खाली कर दिया। इसी बीच जिला अनंतनाग के बिजबेहाड़ा के जीरपोरा हाईवे पर सुरक्षाबलों के गश्ती दल पर कुछ आतंकवादियों ने हमला बोल दिया। इस हमले में अभी तक एक सीआरपीएफ जवान के घायल जबकि एक के शहीद होने की सूचना है। आतंकवादियों के इस हमले में सात वर्षीय बच्चा भी घायल हुआ है। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया है, जबकि आतंकवादियों की तलाश के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
लिस के अनुसार आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला किया है। सीआरपीएफ का एक गश्ती दल जब जीरपोरा हाईवे पर से गुजर रहा था तो ये आतंकी वहां पहले से ही हमले की फिराक में छिपे हुए थे। सीआरपीएफ का वाहन जैसे ही पास आया, आतंकवादियों ने उस पर गोलियां बरसाना शुरू कर दी। इस हमले में सीआरपीएफ के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान सात साल के बच्चे नेहान को भी गोली लगी। इससे पहले की जवान संभलते आतंकवादी वहां से फरार हो गए।
घायल जवानों व बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया परंतु डॉक्टरों द्वारा जांच करने पर एक जवान को मृत लाया घोषित कर दिया। वहीं, बच्चे ने भी इलाज के दौरान जख्मों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। हालांकि, अन्य घायल जवान का इलाज चल रहा है। घटनास्थल के आसपास के इलाकों की एसओजी, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने घेराबंदी कर ली है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। अन्य विवरण प्रतीक्षारत है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में त्राल क्षेत्र में चेवा उल्लार में कल शाम से शुरू हुई आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में तीनों आतंकी मारे जा चुके हैं। मारे गए तीनों आतंकवादियों की पहचान कर ली गई है। मारे गए आतंकवादियों में फारूक लंगू निवासी श्रीनगर, शाहिद अहमद भट निवासी बिजबेहाड़ा समथन और मोसिन निवासी श्रीनगर के तौर पर हुई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इनके नामों की अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।
आतंकियों के छिपे होने कि सूचना के बाद मिलने के बाद से सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन छेड़ा था। जैसे ही सुरक्षाबलों ने घेराबंदी सख्त करनी शुरू की थी, छिपे हुए आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे मुठभेड़ की शुरुआत हुई।
जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में आतंकियों को मार गिराने का अभियान जारी है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर में गुरुवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुए मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारा गया। सूचना के आधार पर सेना, पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने रात के दौरान क्षेत्र में घेराबंदी की थी।