Saturday, 27 June 2020

Coronavirus: दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मरीजों का आंकड़ा 1 करोड़ पार, भारत में पिछले 24 घंटे में 18,552 नए मामले आए सामने

Coronavirus World Live Updates Hindi News Covid19 14th May ...


दुनियाभर में कोरोनावायरस का संक्रमण तेजी से अपने पैर फैलाता जा रहा है। शनिवार देर रात के आंकड़ों के अनुसार दुनियाभर में कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ को पार हो गई। कोरोना वर्ल्डो मीटर के मुताबिक दुनियाभर में शनिवार तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 10,000,578 हो चुकी है।
चीन के वुहान से निकला यह वायरस दुनियाभर को अपने आगोश मे ले चुका है। कोरोना वर्ल्डो मीटर के अनुसार इस वायरस से दुनियाभर में 498,954 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है जबकि 5,414,677 लोग इस वायरस से निजात पा चुके हैं। भारत में पिछले 24 घंटे में 18,552 नए मामले सामने आने के साथ ही देश में शनिवार रात तक कोरोनावायरस से संक्रमित हुए लोगों का आंकड़ा 5 लाख को पार कर चुका है। गौरतलब है कि 39 दिन में देश में कोविड-19 के 4 लाख नए मामले सामने आ चुके हैं।
पिछले छह दिनों मे कोविड-19 के एक लाख नए मामले आने पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि मरीजों के संक्रमण से ठीक होने की दर में भी कुछ इजाफा हुआ है और अब यह बढ़कर 58.13 प्रतिशत हो गया है। भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 18,552 नए मामले सामने आने के साथ ही देश में अभी तक कोरोनावायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 5,08,953 हो गई है वहीं इस अवधि में 384 लोग की संक्रमण से मौत हुई है।
भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, तेलंगाना, गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्रप्रदेश और पश्चिम बंगाल में देश के कुल कोविड-19 मरीजों का 85.5 प्रतिशत है, वहीं संक्रमण से हुई मौतों का 87 प्रतिशत भी इन्हीं राज्यों से संबंधित है।