कराचीपाकिस्तान के कप्तान अजहर अली का मानना है कि उनकी टीम आगामी टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड को उसकी सरजमीं पर हरा सकती है बशर्ते बल्लेबाज 300 से अधिक का स्कोर बना सकें। पहला टेस्ट 30 जुलाई से लॉडर्स पर शुरू होगा। टीम 20 खिलाड़ियों और 11 सहयोगी स्टाफ के साथ रविवार को रवाना होगी। अली ने टीम की रवानगी से पहले मीडिया से कहा, ‘मुझे लगता है कि अगर हमारे बल्लेबाज 300 से अधिक का स्कोर बना सके तो हम इंग्लैंड को हरा सकते हैं।'
उन्होंने कहा- हाल ही के दौरों पर हमने अच्छी वापसी करके वहां उम्दा प्रदर्शन किया है। उन्होंने युवा तेज आक्रमण को लेकर आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा, ‘मेरा मानना है कि हमारे पास अच्छे तेज गेंदबाज और स्पिनर हैं। हम इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दे सकते हैं। शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और मोहम्मद हसनैन जैसे युवाओं में काफी क्षमता है और हमारे पास अनुभव की भी कमी नहीं है।’